CM शिवराज की दो टूक तात्कालिक मुद्दे और समस्याएं तेजी से निपटाएं, हर सोमवार रिव्यू और एक्शन
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हर माह किसी भी सेक्टर में अच्छा परफार्म करने वाले कलेक्टर-एसपी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान प्रजेंटेशन दिलाने का काम किया जाएगा। ऐसा इसलिए ताकि बाकी जिले भी उसके आधार पर परफार्म की योजना बनाएं। इतना ही नहीं एजेंडे पर काम करने के अलावा कई तात्कालिक मुद्दों और समस्याओं पर एक माह तक इंतजार नहीं किया जा सकता। इसलिए हर सोमवार को जरूरी मुद्दों पर रिव्यू किया जाएगा। ऐसे में जिन मुद्दों की अनदेखी हो रही है,उस पर एक्शन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जनता को सुशासन देना ही हमारा मूल उद्देश्य है।
सुशासन-सुशासन हम खेलें और आपस में प्रतिस्पर्धा हो जाए जो जनता को राहत, सहूलियत और सुविधाएं देगी। सीएम चौहान ने ये बातें आज कलेक्टर, कमिश्नर, एसपी, आईजी के साथ मासिक वीडियो कांफ्रेंसिंग समीक्षा बैठक में कहीं। उन्होंने कहा कि जिलों में पदस्थ अफसर शासन के प्रतिनिधि मतलब सीएम के प्रतिनिधि हैं। इस मंशा से काम करें। एक जिला एक उत्पाद के लिए और बेहतर काम करने की उम्मीद उन्होंने कलेक्टरों से की।
सीएम चौहान ने कहा कि कलेक्टर हर जिले में एक ऐसी जगह तय करें जहां पौधरोपण किया जा सके। वे खुद लगातार पौधरोपण करके पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयासरत हैं। स्थान तय होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और कलेक्टर-एसपी भी पौधरोपण कर सकते हैं।
12 मार्च को नगरोदय कार्यक्रम तय किया गया है। नगर निगम कमिश्नर यह व्यवस्था बनाएं कि इस दिन व्यापक पैमाने पर हितग्राही कार्यक्रम से जुड़े। लाभ लेने वाली महिला एसएचजी को भी इससे जोड़ा जा सकता है। इस दिन 1.63 लाख हितग्राहियों के खाते में पीएम आवास योजना के 1600 करोड़ रुपए की पहली व दूसरी किस्त डाली जाएगी। पीएम स्वनिधि योजना के 80 हजार हितग्राहियों को लोन दिया जाएगा। अब तक 3.26 लाख लोगों को इसमें लोन मिला है और टारगेट 5 लाख है। इसलिए इसे एचीव करने के लिए काम करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आने वाले दिनों में जलाभिषेक कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के सहयोग से चलाया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर लें। इसमें मनरेगा और अन्य संबंधित योजनाओं के माध्यम से काम कराकर जल संरचनाओं को पानीदार बनाने का काम किया जाएगा।

पाठको की राय